
26 मई को दोपहर करीब एक बजे एक विवाहिता अपनी बहन के यहां कोटड़ा में कलश कार्यक्रम में जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक भी वह घर नहीं पहुंची। परिजनों ने जब उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल बंद या नेटवर्क से बाहर मिला। रिश्तेदारों और ससुराल पक्ष में भी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। महिला के पति किशनसिंह के अनुसार 9 जून को एक परिचित से जानकारी मिली कि उसकी पत्नी कथित रूप से सायरा थाना क्षेत्र के चरावो का गुडा निवासी आरोपी हिम्मतसिंह पुत्र शंकरसिंह के साथ है। पति का आरोप है कि आरोपी ने उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ रखा हुआ है। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि विवाहिता घर से उसकी मां के लाखों रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और अलमारी में रखे 35 हजार रुपए नकद भी साथ ले गई। शिकायत के अनुसार चोरी हुए सामान में चांदी के दो कंदौरे, सोने का बोर, सोने की टोकरियां और चांदी की गारनी शामिल हैं। पति ने यह भी आरोप लगाया है कि उसकी दोनों नाबालिग संतानों को भी साथ ले जाया गया है। साथ ही आरोपी पर विवाहिता को बहकावे में लेकर जेवर अपने कब्जे में रखने का भी आरोप लगाया गया है। इस मामले में पिडित किशनसिंह की शिकायत पर गोगुंदा थाना पुलिस ने आरोपी हिम्मतसिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।